हिन्दवी स्वराज्य के स्वप्न दृष्टा महानायक छत्रपति शिवाजी

✍ शिरोमणि दुबे

हमारे देश का इतिहास अत्यंत रोमांचकारी तथा सतत संघर्ष की गौरव गाथा है। लगभग 2300 वर्षों तक भारत विदेशी आक्रांताओं के बर्बर हमलों का शिकार होता रहा। इन दुर्धर्ष हमलों से अपनी अस्मिता को बचाने के लिए भारत माता की कोख से हर कालखण्ड में ऐसे नर वीर पैदा होते रहे जिन्होंने देश की आन-बान-शान को दुनिया में जीवंत बनाये रखा। इतिहास में कुछ पल ऐसे होते है जो यादगार बन जाते है। कुछ तिथियाँ कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जो समय की शिला पर अपने निशान छोड़ जाती है, स्मरणीय बन जाती है। ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी भारत के अतीत के पृष्ठों में सुवर्ण अक्षरों में अंकित ऐसा दिवस है जब 6 जून 1674 को विश्व में कहीं भी पहली बार हिन्दू पदपादशाही की स्थापना हुई थी। हिंदवी स्वराज्य की स्थापना हुई थी।

आज से 350 वर्ष पहले सह्याद्रि पर्वत के शिवनेरी दुर्ग पर इसी तिथि को छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था। उस दिन छत्र शिवाजी राजे ने धारण किया था, शिवाजी सम्राट बने थे। लेकिन यह किसी राजा का राजतिलक नहीं था। यह राज तिलक था उस शौर्य का जिसने मुगलिया सल्तनत को समरांगण में कतरा-कतरा बिखेर दिया था। यह अभिनंदन था उस सुप्त चेतना का जिसके बज्र संकल्पों से टकराकर बड़ी-बड़ी राक्षसी ताकतें धराशायी होती रही। यह राज्याभिषेक था उस सामान्य मानवी का जिसे हमेशा धकियाया गया, अपमानित किया गया। यह वंदन था उस विजय वाहिनी का जिसने स्वतंत्रता-स्वराज्य के लिए तोपों के आगे अपने सीने अड़ा दिये। यह राजतिलक था उस सनातन सत्ता प्रतिष्ठान का जिसकी एक मुठभेड़ में आततायी धनानंद के सर से ताज आसमान में टूट टूटकर बिखर गये। शिवाजी महाराज छत्रपति हो गये। यह उत्सव का दिन है, यह प्रेरणा देने वाला क्षण है। ऐसे शिव साम्राज्य दिवस पर संघ संस्थापक प.पू.डॉ.हेडगेवार ने कहा था कि यह तो सम्पूर्ण हिन्दू समाज के लिए गर्व का गौरव का क्षण है। यह केवल राजा का राज्याभिषेक नहीं सम्पूर्ण हिन्दू समाज का राजतिलक है।

17वीं शताब्दी का आरंभ हो रहा था। हिन्दुस्थान का मानचित्र खण्ड-खण्ड बिखर रहा था। दक्षिण में आदिलशाही, निजामशाही, कुतुबशाही के जोर-जुल्म-ज्यादतियों से जनता असहनीय पीड़ा झेल रही थी वहीं उत्तर में मुगल वादशाह शाहजहां की मौज-मस्तियों से हिन्दू समाज में आक्रोश पैदा हो रहा था। अत्याचारों का कभी न रुकने वाला अंतहीन सिलसिला प्रारंभ हो गया था। हिन्दुओं के मठ-मंदिरों, आस्था के केन्द्रों को जमीदोज किया जा रहा था। भारत के महान ग्रंथों को आग के हवाले किया जा रहा था। भारत की पवित्रतम ज्ञान संपदा को समूल नष्ट किया जा रहा था। परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़ा हुआ समाज सिसकियां ले रहा था, विलाप कर रहा था। यह वही समय था जब भारत के भविष्य और सनातन धर्म को गंभीर चुनौती मिल रही थी। यह वही समय था जब टुकड़ों में बटा हुआ हिन्दू समाज आत्म विस्मृति का शिकार था। यह वही समय था जब भारत माता की कोख लज्जित हो रही थी। बड़े-बड़े कथित रायबहादुर खिताब के लिए मुगलिया सम्राटों के चरण चुम्बन कर रहे थे। छोटे से ईनाम के लिए ईमान बिक रहा था।

चंद कोड़ियों के लिए मुसलमान बनने की होड़ लगी थी। इतिहासकार उस काल खण्ड का वर्णन करते हुए लिखते है यहाँ का समाज यहाँ का धर्म आक्रांताओं के पैरों तले कुचला हुआ था। यही समय था जब सम्पूर्ण देश में एक शब्दावली प्रचलित थी “दिल्लीश्वरो वा जगदीश्वरो वा” अर्थात् दिल्ली में बैठा हुआ सुल्तान वह हमारे लिए ईश्वर के समान है। ऐसी दीन-हीन अवस्था अपने समाज की हो गई थी। ऐसी विपरीत परिस्थिति में जीजामाता के गर्भ से ऐसे महापुरुष का जन्म हुआ जिसे यह संसार छत्रपति शिवाजी के नाम से जानता है, उनका आदर पूर्वक स्मरण करता है। मुगलों ने पूरे भारत में एक झूठ फैलाया था कि अब कोई हिन्दू भारत का सम्राट नहीं बन पायेगा। लेकिन शिवाजी महाराज ने इस झूठ को अपनी चमचमाती भवानी तलवार से 100 टुकड़े करके फेंक दिये। उन्होंने छत्र धारण किया, अपने नाम के सिक्के चलवाये और मुगलों के लिए दक्षिण का द्वार हमेशा-हमेशा के लिए बंद कर दिया।

छत्रपति शिवाजी कहते थे कि राष्ट्र किसी राजा की सम्पत्ति नहीं है। राजा उसका मालिक नहीं हो सकता। वह खजाना तो जनता का है जनता के कल्याण के लिए है। शिवाजी ने अपने हिंदवी साम्राज्य में अंसख्य मंदिर, बाबड़ी, कूप बनवाये जिससे धर्म और धरती माता दोनो समृद्ध रह सके। शिवाजी महाराज का शासन आधुनिक भारत के रामराज्य का सबसे बड़ा उदाहरण है। स्वदेश, स्वधर्म, स्वदेशी और स्वभाषा के लिए जो प्रयास भूतकाल में शिवाजी ने किये वह उनकी भारत भक्ति और सनातन के प्रति गहरी आस्था का जीवंत प्रमाण है। शिवाजी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पहलु है कि उनका व्यक्तिगत और राष्ट्रीय चरित्र बेदाग है। वे साहसी रहे हैं, दृढ़ता के साथ आगे बढ़े हैं। सभी प्रकार की परिस्थितियों को मात करते हुए निरंतर विजयी हुए हैं। उन्होने हमेशा जीतने के लिए युद्ध लड़े है। इसका कारण खोजेंगे तो इसके मूल में शिवाजी का निःस्वार्थ जीवन है। उनके जीवन में स्वार्थ को शून्य स्थान है। इसलिए उनके जीवन का वर्णन करते हुए उन्हें योगी कहा गया है। इतिहास में शायद ही किसी राजा को योगी कहा गया है वे श्रीमंत योगी हैं। इसलिए क्योंकि वह धर्म के लिए लड़े हैं। इनका सम्पूर्ण जीवन देश, समाज तथा हिन्दू के लिए समर्पित रहा है –

है विघ्न कौन ऐसा जग में, टिक सके वीर नगर के मग में,

खम ठोक ठेलता है जब नर, पर्वत के जाते पाँव उखड़,

मानव जब जोर लगाता है, पत्थर पानी बन जाता है।

शिवाजी के द्वारा शासन की बागडोर सम्हालने के पहले सारा कारोबार फारसी और उर्दू में चलता था। शिवाजी मानते थे जब तक स्वभाषा का जागरण नहीं होता तब तक देश भक्ति का जागरण सम्भव नहीं है। स्वभाषा में काम-काज के लिए शिवाजी ने विद्वानों की एक समिति बनाई और राज्य व्यवहार से सम्बन्धित उर्दू, फारसी शब्दों के लिए संस्कृत में शब्द खोजे गये और सम्पूर्ण मराठा साम्राज्य में स्वभाषा में कार्य व्यवहार प्रारंभ हो गया। यह शिवाजी महाराज का स्वभाषा के प्रति अगाध प्रेम को दर्शाता है। शिवाजी महाराज ने जोर-जुल्म से धर्मान्तरित हिंदुओं की घर वापिसी का मार्ग प्रशस्त किया। शिवाजी महाराज राजनीतिक नेता नहीं थे। सम्पूर्ण समाज का विचार उनके सामने था। इसलिए उन्होंने धोखे से, लालच से बल पूर्वक अहिंदू बने हुए लोगों का शुद्धीकरण कराया। वे कहते थे यह एक तरफा नहीं है जिन्होने अपनी उपासना पद्धति बदली है ऐसे मुसलमानों को फिर से हिंदू बनाया जा सकता है। यह उन्होंने अपने उदाहरण से सिद्ध किया था। नेताजी पालकर अच्छे सेनापति थे, औरंगजेब की सेवा में रहते थे, उन्हें वापस हिंदू बनाने का कार्य शिवाजी ने किया था। बजाजी राव निंवालकर जो स्त्री मोह में मतांतरित हो गये थे शिवाजी महाराज के प्रयासों से उनकी भी घर वापसी हुई।

शिवा के राज्याभिषेक का जब समय आता है तब वे राजा बनने से इंकार कर देते है। उनकी छत्रपति बनने की कोई इच्छा नहीं है। आज की परिस्थितियों को देखेंगे तो कौन राजा बनने के लिए तैयार नहीं हेगा। काशी से आये पंडित गागाभट्ट ने शिवाजी से आग्रह किया आज देशभर में हिंदू राजा की बड़ी आवश्यकता है। तब शिवाजी गागाभट्ट के आग्रह पर राज्याभिषेक के लिए तैयार हो गये थे। परन्तु उन्होने यह कभी नहीं कहा कि यह मेरा राज्याभिषेक हो रहा है यह तो भगवान की इच्छा है। मैं उनके प्रतिनिधि के रुप में रहूँगा। वे कहते थे कि यह भवानी माता की इच्छा है कि मैं राजा बनू। शिवाजी महाराज ने कभी भी स्वयं को सिंहासन से ऊँचा नहीं माना वे तो ईश्वर की इच्छा के अनुरुप कार्य करते रहे।

राज्याभिषेक के बाद शिवाजी महाराज ने एक राष्ट्रीय दृष्टिकोण अपने सामने रखा है। इस सम्बंध में शिवाजी का मिर्जाराजे के लिखा गया पत्र पढ़ने लायक है। वह पत्र में लिखते है मिर्जाराजे, आप युद्ध के लिए क्यों आ रहे हो। आपको अपने साम्राज्य विस्तार के लिए युद्ध की आवश्यकता नहीं है। मैं स्वेच्छा से अपना राज्य तुम्हारे चरणों में समर्पित करने के लिए तैयार हूँ लेकिन आप मुगलों के साम्राज्य विस्तार के लिए आए हो इसलिए मेरी भवानी तलवार आपसे युद्ध करने के लिए तैयार है। इस प्रकार शिवाजी ने अपने राष्ट्रीय दृष्टिकोण को स्पष्टता के साथ रखा है।

शिवाजी के पास 300 किलों का विस्तृत साम्राज्य था। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि इन 300 किलों में किलेदार उनका कोई रिश्तेदार नहीं था। कोई उनका सगा नहीं था। जिम्मेदारियां तय करते समय उन्होंने गुणवत्ता और क्षमता को आधार बनाया था। दायित्व तय करने में रिश्ता कभी आधार नहीं रहा। इस प्रकार शिवाजी महाराज के जीवन में एक व्यापक सर्व समावेशी दृष्टिकोण दिखाई देता है। छत्रपति शिवाजी को समझने की कोशिश करेंगे तो पचास साल की आयु और पूरे जीवनभर संघर्ष यही कुछ उनके जीवन में दिखाई देता है। वे राजा है, उन्होंने जीवनभर युद्ध लड़े हैं। अपने पुरुषार्थ-पराक्रम से गये हुए किलों को वापस किया है। शत्रुओं को खदेड़ा है परन्तु यह करते समय उनके जीवन में कोई व्यक्तिगत आकांक्षा नहीं है। आकांक्षा बस इतनी है कि यह हिंदवी स्वराज्य सुरक्षित रहना चाहिए। इसके लिए जो-जो करना पड़ेगा करते चलेंगे।

छत्रपति शिवाजी ने तय किया था हमारा शासन भेद-भाव मुक्त होगा। हम जनता का विश्वास प्राप्त करेंगे। वे मानते थे कि यदि स्वराज्य में सामान्य जनों का शासन के प्रति विश्वास नहीं रहा तो कोई भी राजा न तो देश का हित कर सकता है और न समाज का। इसलिए उन्होंने सामान्य जनों में विश्वास जगाने का प्रयास किया था। उन्होंने जो आदेश दिये है वास्तव में वह अध्ययन के लायक है। उन्होंने महिला सुरक्षा को हर कीमत पर सुनिश्चित करने का फरमान सुनाया है। वे किसान कल्याण और उनकी खुशहाली के लिए योजनाएँ बनाते हैं। उनकी न्याय व्यवस्था बड़ी प्रसिद्ध रही है। वह सबके साथ न्याय की वकालत करते है, मठ, मंदिर, साधु, संत, महंत सुरक्षित रहे इसके लिए मंत्रिमण्डल में अष्टप्रधान की व्यवस्था करते हैं।

सहज रुप से मन में एक विचार आता है ईश्वर जब मनुष्य रुप में अवतार लेता है तो उसके जीवन का उद्देश्य होता है। भगवान राम ने यहां जन्म लिया। उनका लक्ष्य ही इस दुनिया में आसुरी शक्तियों का संहार करना था। “निसिचर हीन करउँ महि, भुज उठाइ पन कीन्ह।” यही उनके जीवन का लक्ष्य है। इसलिए उनके जीवन में सभी प्रयास राक्षसी प्रवृत्ति का संहार करते हुए दिखाई देते हैं। अंत में रावण का संहार होता है। सम्पूर्ण रामायण उनके राम के राज्याभिषेक पर समाप्त होती है परन्तु संकल्प की पूर्णाहूति रावण के संहार पर होती है। कृष्ण के सामने बचपन से ही संघर्ष है कंस मारने के लिए खड़ा है उनके जीवन का लक्ष्य है –

परित्राणाय साधूनां विनाशाय च दृष्कृताम्।

धर्मसंस्थापनार्थाय संभवामि युगे युगे।।

हम देखते है कि भगवान कृष्ण का जीवन तब समाप्त होता है जब पाण्डवों की विजय होती है, धर्म की स्थापना होती है। भगवान राम के जीवन का लक्ष्य राक्षसों का संहार रहा होगा। भगवान कृष्ण के जीवन का उद्देश्य धर्म की स्थापना रही होगी। छत्रपति शिवाजी महाराज का हिंदवी साम्राज्य का निर्माण यही उनके जीवन का संकल्प रहा है। हिन्दू पदपादशाही निर्माण करना शिवाजी को अभिप्रेत था जिसे उन्होंने अपने जीवन काल में ही पूर्ण किया है।

अंततः यहां का हिन्दू समाज अधर्मी, आसुरी शक्तियों के सामने आत्म विश्वास पूर्वक डटकर खड़ा रह सके। दुनिया का दिशाबोध करने वाला समाज चाहिए तो ऐसे महापुरुषों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी बन सकता है। आज जब देश को अंदर और बाहर से चुनौतियां मिल रही हैं तब शिवाजी के जीवनकाल का संदेश हमारा मार्ग प्रशस्त करेगा ही।

समाधियां उन्हीं की महकती है जो अहं के लिए नहीं वयं और विराट की सेवा में खप जाते हैं, खर्च हो जाते हैं। सच में, वे ही इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठ है जिसका एक-एक शब्द वंदन-अर्चन के योग्य है। शिवशाही का संदेश यही है –

प्रेरणा शहीदों से अगर हम नहीं लेंगे, तो स्वतंत्रता ढलती हुई सांझ हो जायेगी।

पूजा वीरों की यदि हम नहीं करेंगे, तो सच मानो वसुन्धरा बांझ हो जायेगी।। 

(लेखक विद्या भारती मध्यभारत प्रान्त के प्रदेश सचिव है।)

और पढ़ें : एक अलौकिक व्यक्तित्व छत्रपति शिवाजी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *