सा विद्या या विमुक्तये
– वासुदेव प्रजापति
जहाँ मन की शिक्षा व्यक्ति को सज्जन बनाती है, वहीं कर्म की शिक्षा व्यक्ति को कर्मशील बनाती है। व्यक्ति सज्जन है परन्तु निठल्ला है, तो वह किसी काम का नहीं है। आज मूल्य शिक्षा की बात तो होती है, परन्तु कर्म शिक्षा की बात नहीं होती। क्योंकि आज की शिक्षा में हाथ व शरीर से होने वाले परिश्रमपूर्ण कार्य को नीचे स्तर का माना जाता है। जिस कार्य में श्रम न करना पड़े, ऐसे कार्य को ऊँचे स्तर का माना जाता है। फलतः आज प्रत्येक व्यक्ति श्रम से विमुख हो रहा है।
प्राणी जीवन की वास्तविकता यह है कि मनुष्य को छोड़कर अन्य प्राणियों को जीवन के लिए आवश्यक सभी पदार्थ प्रकृति से प्राप्त होते हैं। परन्तु मनुष्य को अपना जीवन चलाने के लिए रोटी, कपड़ा व मकान चाहिए। इन्हें प्राप्त करने के लिए उसे अन्न उपजा कर उसकी रोटी बनानी पड़ती है, कपास पैदा कर वस्त्र बुनना पड़ता है और कठिन श्रमपूर्वक अपना मकान बनाना पड़ता है। इतना ही नहीं, उसे अन्य अनेक वस्तुओं का निर्माण करना पड़ता है, तब जाकर वह अपना जीवन सुखपुर्वक निर्वाह कर पाता है। अतः व्यक्ति जीवन में कर्म की शिक्षा अत्यावश्यक है।
मनुष्य को इन सब वस्तुओं का निर्माण करने के लिए कर्मेन्द्रियों की कुशलता तथा सृजनशील बुद्धि की आवश्यकता होती है। इन दोनों में कर्मेन्द्रियों की कुशलता का महत्त्व अधिक है। क्योंकि बुद्धि के निर्देशन में प्रत्यक्ष काम तो कर्मेन्द्रियाँ ही करतीं हैं। मनुष्य जब कार्यकुशल होता है, तब ही वह समृद्धि प्राप्त करता है। परिवार एवं समाज भी जब श्रमनिष्ठ व कार्यकुशल होते हैं, तभी समृद्ध बनते हैं। समृद्धि से ही परिवार व समाज वैभव सम्पन्न होते हैं।
श्रम से विमुख होने के दुष्परिणाम
इन सभी दुष्परिणामों के मूल में काम न करने की वृत्ति ही है।
श्रमनिष्ठा के सुफल
हाथ से काम करने का अभ्यास होने से स्नेह, प्रेम, वात्सल्य, करुणा, आदर, विनय आदि भावनाओं को प्रकट करना अपने हाथ में होता है। जैसे- हाथ से भोजन बनाकर अपने लोगों व अतिथियों को प्रेमपूर्वक खिला सकते हैं। घर के वृद्धों व बीमारों की सेवा-शुश्रूषा कर सकते हैं। बच्चों के लालन-पालन से लेकर घर के छोटे-मोटे सभी काम यदि हाथ कुशल व अभ्यस्त नहीं हैं तो नहीं हो सकते। इन सभी कार्यों को करने से जो आत्मीयता प्रकट होती है और पनपती है, वह समाज को प्रेम, आनन्द और सौन्दर्य से भर देती है। ऐसे समाज में श्री अर्थात् लक्ष्मी स्थिर होकर निवास करती है।
किसी भी काम को करते-करते हाथ की कुशलता बढ़ती है, कारीगरी में उत्कृष्टता आती है, सृजनशील बुद्धि विकसित होती है और पदार्थों के आन्तरिक रहस्यों की अनुभूति होने लगती है। लगन व निष्ठा से काम करने वाले के समक्ष सृष्टि अपने रहस्य खोल देती है। इसे ही हम सृष्टि के साथ एकात्मता की अनुभूति कहते हैं, यही हमारा अध्यात्म है। तभी तो हम कहते हैं कि ‘कर्म ही पूजा है’।
अतः हाथ से उत्पादक काम करना प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनिवार्य है। हाथ द्वारा काम करने से कर्म संस्कृति विकसित होती है। इस कर्म संस्कृति को विकसित करने हेतु निम्नलिखित बातों का विचार कर योजना बनानी चाहिए-
हाथ से काम करना अच्छा है। हाथ से काम करने वाला काम न करने वाले से श्रेष्ठ है। हाथ से काम करते-करते उत्कृष्टता पाने वाला व्यक्ति श्रेष्ठ है। हाथ से काम करने वाले को लक्ष्मी माता की कृपा मिलती है। जो दूसरों से काम करवाता है, वह श्रेष्ठ नहीं है। इसी प्रकार जो दास बनकर दूसरों का काम करता है, वह भी श्रेष्ठ नहीं है। ऐसी मानसिकता निर्माण करना यह प्रथम चरण है।
छोटे बच्चे सदैव क्रियाशील होते हैं। इसलिए उन्हें शिशु अवस्था से ही घर के काम करने के संस्कार देने चाहिए। घर में बच्चे बड़ों को काम करते हुए व काम करने में आनन्द लेते हुए देखें, यह आवश्यक है। माँ आनन्द से भोजन बना रही है, पिताजी घर की स्वच्छता कर रहे हैं, दादाजी पौधों को पानी पिला रहे हैं, बड़ा भैया वस्तुओं को व्यवस्थित रख रहा है, बड़ी बहन कपड़े सुखा रही है, जैसे घर के कार्य करते हुए देखने से ही कर्म संस्कृति के संस्कार उसके चित्त में बनते हैं।
इसी प्रकार बाल्यावस्था में बालक बालिकाओं को घर के व बाहर के कामों में अपने साथ जोड़ना चाहिए। और उन कार्यों को करने में आनन्द लेना सिखाना चाहिए। और किशोरावस्था के बच्चों को जिम्मेदारी से स्वतंत्रता पूर्वक काम करने के अवसर देने चाहिए। और युवा होने पर उन्हें उत्पादक कार्य करके अपनी आजीविका चलाने योग्य क्षमता उत्पन्न करनी चाहिए। हमारे देश में उत्पादन करना अत्यन्त श्रेष्ठ माना गया है। इसीलिए कृषि को श्रेष्ठ, व्यवसाय को मध्यम तथा नौकरी को हेय माना गया है। अतः हमें अपने परिवार को उद्यमशील एवं उद्योगकेन्द्री बनाना चाहिए।
उद्योग केन्द्रित शिक्षा
आज की शिक्षा जो मात्र पढ़ने व लिखने वाली किताबी शिक्षा है, उसे बदल कर क्रिया आधारित शिक्षा बनानी चाहिए। हमारी भावी पीढ़ी को केवल भारी बस्ता उठाने वाला, रटकर परीक्षा पास करने वाला विद्यार्थी बनाने के स्थान पर एक उत्पादक व उत्कृष्ट कारीगर बनाना अधिक श्रेयस्कर है। इस दृष्टि से अधोलिखित सुझावों को अमल में लाना उपयोगी होगा-
जिस समाज में 95% लोग उत्पादक काम करते हैं, उस समाज में सुख, समृद्धि, संस्कार, स्वाभिमान, स्वतंत्रता, श्रेष्ठता, स्वास्थ्य व समरसता अचल वास करते हैं। कर्मशिक्षा ही प्रत्येक समाज की रीढ़ है। यह रीढ़ जितनी मजबूत, सीधी व लचीली होगी, वह समाज उतना ही श्रेष्ठ होगा। अतः शिक्षा में कर्म को केन्द्र में रखकर सारी योजना-रचना बनानी चाहिए।
(लेखक शिक्षाविद् है, भारतीय शिक्षा ग्रन्थमाला के सह संपादक है और विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान के सचिव है।)
और पढ़े : भारतीय शिक्षा – ज्ञान की बात 63 (मन की शिक्षा)
Your email address will not be published. Required fields are marked *
Comment *
Name *
Email *
Website