– गोपाल माहेश्वरी
उस बार भी हम गरमियों की छुट्टी में नानी के गाँव आए हुए थे। छुट्टियां समाप्त करते उस दिन जमनालाल ने टोकरीभर जामुन दिए थे। गदरीले ऊपर से काले और अंदर गहरे रंगीन। जमनालाल नानी द्वारा उनके आँगन में खड़े विशाल और सघन जामुन के पेड़ को दिया गया नाम है।
एक बार मेरे सामने ही मामा ने हँसते हुए पूछा था “अम्मा! यह जामुन का भला जमनालाल से क्या संबंध?”
“हाँ, नानी! जमना (यमुना) नदी है और जामुन पेड़, इनकी क्या तुक?” मैंने भी जोड़ा।
माँ भी तो वहीं खड़ी थी, बोलीं “यमुना का कदम्ब से तो संबंध कान्हाजी के कारण है पर जामुन क्यों जमनालाल?”
सबकी मुस्कुराहटों में नानी ने पहले तो अपनी मुस्कुराहट मिलाई फिर बोली “मेरा जमनालाल, जमुना जैसे काले जामुन जो देता है।” एक सरल-सी भावुक संबंध योजना सबको प्रभावित कर गई।
वैसे एक और रहस्य था नानी के जमनालाल से विशेष लगाव का। नानी का जब ब्याह हुआ था तब उनके पिता के आँगन में भी एक बड़ा जामुन का पेड़ था। जब विवाह की विधि हो रही थी और मंडप सजाना था तो उसे उसी जामुन की हरी-भरी कोमल डालियों से छाया जा रहा था। विवाह हो रहा था पर नानी तब छोटी ही थीं। बाल जिज्ञासा उछालें मार रहीं थीं। हल्दी क्यों लगाना? मेंहदी क्यों रचाना? इसी शृंखला का प्रश्न था “मंडप पर जामुन के ही पत्ते क्यों ढाक, आम, अशोक या केले के भी तो हो सकते हैं?”
किसी ने कहा “पंडित जी से पूछना, हमें नहीं पता।”
समय से पंडित जी आए जो नानी के मास्टरजी भी रह चुके थे, इसलिए नानी उनसे खुलकर बात करती थीं। उनके सामने प्रश्न आया तो वे बताने लगे “देखो बेटी! यह जो जामुन के पत्ते हैं न ये सूख जाने पर भी अपनी डाल का साथ नहीं छोड़ते। इनसे मंडप छाने का संदेश है कि इसके नीचे सात फेरे लेकर जीवनभर के साथी बनने वाले वर-वधू सुख में ही नहीं, कभी दुःख भी पड़े, तो साथ न छोड़ें। प्रत्येक का जीवन सदैव हरा नहीं रहता पर सूखने पर भी साथ न छोड़े, वही सच्चा साथी कहलाता है।”
बात नानी के मन पर गहरे छप गई। तब की रीति के अनुसार कुछ वर्षों बाद जब नानी बड़ी हो गईं और नानाजी उन्हें गौना कराकर विदा कराने आए। तब नानी के बहुत-से सामानों में एक पौधा भी था जो उसी जामुन का था, जिसके पत्तों की छांह में उनका विवाह हुआ था।
नानी ने उसे अपनी ससुराल यानी इसी घर के आँगन में लगा दिया। उससे नानी का गहरा लगाव था और क्यों न हो यह उनके मायके से आया उनके लिए एकमात्र बन्धु ही तो था। कोई इस शीघ्र बढ़ चुके पौधे को पेड़-पेड़ कहता तो नानी को ऐसे लगता जैसे किसी आत्मीय संबंधी को कोई आदमी या औरत कहकर पुकारे।
नानी ने एक दिन यह बात अपने पति से कही तो नानाजी ने ही सुझाव दिया “इसका कोई नाम रख दो जैसा हम सबका है।” नानी का मन चमकार से भर उठा,वह उस रातभर नाम सोचती रही तब यह नाम उसे भाया, जमनालाल । नानाजी को बताया तो वे सहास्य बोले “अच्छा है,हमारी साली जमुनिया की जोड़ का पेड़-साला जमनालाल ,इसका फल ऊपर से जमना अंदर से लाल। “नानी की बहिन का नाम था जमुनाबाई पर सब उन्हें जमुनिया ही पुकारते थे।
नानी की कितनी सुख-दु:ख भरी दुपहरी और सांझें इस जमनालाल के नीचे कटीं। माँ और मामा की झोली और झूले इसके नीचे बंधे तो सास-ससुर की अर्थी पर भी नानी के साथ जमनालाल ने अदृश्य आंसू बहाए, नानी को ढाढस दिया।
उस दिन मैने ही नानी से पूछ लिया था “नानी! एक बात बताओ। तुम वटसावित्री पर बरगद को कच्चा सूत बांधती हो, सोमवती अमावस्या पर पीपल को, शीतला सप्तमी पर नीम पूज लेती हो तो, आंवला नवमी पर आँवला, तुलसी मैया को तो सुबह शाम दिया-बाती करती हो और केले को हर गुरुवार चने की दाल चढ़ाती हो, ये तुम्हारे जमनालाल जी यानी मेरे पेड़-मामा का भी कभी कोई बात के लिए नंबर आता है या बस यों ही….”
नानी पलभर चुप रहीं, फिर कहते-कहते गला भर आया “राखी पर इस बूढ़ी बहन से राखी बंधवाने मेरे भाई तो अब आ नहीं पाते लेकिन मेरे जमनालाल ने कभी मेरी राखी सूनी न रहने दी।” यह बड़ा रहस्य उद्घाटन था। मुझे याद आया मामी जी ने एकबार माँ से पूछा भी था “बाई सा! सासूजी पता नहीं राखी पर सबेरे से तैयार होकर, राखी की थाली सजाए कहाँ जाती हैं? बहुत खुश दिखती हैं। गाँव में इनके कोई धरमभाई हैं क्या?”
माँ ने बात गंभीरता से ली ही नहीं “रहने दो भाभी! क्या करना है जानकर, उनकी खुशी में अपनी खुशी” फिर ननंद वाला प्रभाव दिखाते हुए कहा “घर की मालकिन है मेरी माँ, जो चाहे करे। सास बहू को टोके, कि बहू सास को?” मामी जी चुप। बात आई-गई हो गई।
तब संभवतः माँ भी यह रहस्य न जानती हो जो मुझे पता लगा था। लेकिन नानी ने छलछलाती आँखों से जो बात कही उसने मेरे पास आकर भी इस भोले-से रहस्य को रहस्य ही रहने पर विवश कर दिया। वे बोली थीं “बेटी! ससुराल में कितना भी सुख हो, पर मायके की गली का कुत्ता भी दिख जाए तो मन हुलस पड़ता है। अब मेरे मायके से आने-जाने वाला पास का संबंधी कौन है? बस मेरा जमनालाल मायके की कमी पूरी कर देता है।” फिर उन्होंने ने एक गहरी सांस भरते हुए कहा था “शायद तू अभी नहीं समझेगी पर एक दिन ससुराल जाएगी तो मेरी बात समझ में आ जाएगी।”
मैंने किसी को कुछ कहा नहीं पर उस दिन से उस पेड़ के लिए मेरे मुंह से जमना मामा निकलने लगा। माँ ने सुना तो हँस कर टोका भी “मामा मेरे हैं तेरे नहीं।”
“हे भगवान्! यह बात नानी के कान में पड़ गई। उनकी चढ़ी त्यौरियां मुझे आज भी याद हैं। माँ को उलाहना देते हुए बोलीं थी “मेरा जमनालाल, मामा शब्द सुनने को तरस गया तूने तो कभी मामा कहा नहीं, इसे तो कहने दे।”
माँ चुप हो गई थीं। वैसे भी कई बार गांवों में कई सम्बन्ध सूचक शब्द सारे घर के लोग उपयोग करने लगते हैं, कई बार तो पास-पड़ोस के लोग भी।
वह उतरते जेठ की चढ़ती सुबह थी। मामी जी ने अपने बेटे यानी मेरे दो बरस के भाई को आँगन में सुलाया था। मुझे उसको देखते रहने का दायित्व सौंप स्वयं रसोईघर में मगन हो गईं। मैं भी छोटी ही थी, ननिहाल बच्चे सम्हालने तो गई न थी। मैं भी खेलने चल दी।
नानी जी ने देखा, पोते के चाँद से मुखड़े पर सूरज का चिलका आ रहा था। नानी ने खाट जमनालाल के नीचे खिसका दी। पता नहीं पर मैं समझने लगी थी कि शायद नानी को लगता होगा कि घर के छोटे-बड़े सब सदस्य जमना मामा के पास जाते रहें। वृद्धों की ऐसी अभिलाषा वह जमना मामा पर भी लागू मानती होंगी।”
उनकी मान्यता के अनुसार उनका पोता अभी बिल्कुल सुरक्षित था। किसी बड़े-बूढ़े की गोद जैसी सुरक्षा में। कभी-कभी लगता नानी कहीं सठिया तो नहीं गईं पर ऐसी और कौन सी बात थी कि उन्हें कोई पगली अधपगली मान ले। भावुक संबंधों को निबाहने वालों को बुद्धिजीवी कभी पागल कह लेते हैं, पर वे वे मेरी दृष्टि में निर्बुद्धि ही हैं।
“वां, वां वां” अचानक मेरे उस छोटे ममेरे भाई के रोने की तेज आवाज ने घर के सभी उपस्थित सदस्यों को जमनालाल के नीचे खींचकर इकट्ठा कर दिया।
हुआ यह कि जमना मामा को ऊँघ आ गई होगी या तनिक ध्यान हट गया होगा और एक दुष्ट लालचींटा पट् से नीचे सोए उनके पोते पर टपक पड़ा। दुष्ट चींटा इतने जोर से बच्चे को चिपटा कि मामा ने उसे चिमटी से पकड़ा तो उसका धड़ ही हाथ आया सिर अब भी चिपटा हुआ था।
लाड़ले की बांह पर उभरे लाल चकते ने सारे घर में कोहराम मचवा दिया। सब एक दूसरे पर जिम्मेदारी न निबाहने का आरोप-प्रत्यारोप कर रहे थे। केवल जमनामामा चुपचाप थे, संभवतः वे अपने को ही असली अपराधी मान चुके थे।
मामा आग बबूला, मामी ने और मिर्च झोंक दी, माँ तटस्थ, नाना जी मौन और नानी? नानी के मन को इस समय कोई नहीं पढ़ सकता था।
मामा ने फैसला सुना दिया “बहुत चींटे हो जाते हैं इस पर, इसे कटवा ही देता हूँ।” नानी के दोनों हाथ इन्कार में कांपे फिर जुड़कर बेटे से वह नि:शब्द प्रार्थना करने लगे जिसे उनकी जिह्वा नहीं आँखें कह रहीं थीं। कुछ देर बाद उनके मुंह से एक क्षीण-सा प्रतिवाद फूटा “जमना से ऐसी गलती पहले तो कभी नहीं हुई। तुम सब भी इसी के तले, पले-बढ़े हो।” बात में दम था जमना मामा का ऐसा कोई आपराधिक इतिहास था नहीं, किसी के भी पास। मामा तो कई बार उन पर चढ़े-उतरे बचपन में, अकेले नहीं, अपनी मित्र-मंडली के साथ और माँ अपनी सहेलियों के साथ घंटों खेलती रहती थीं, कनेर के पाँचों या इमली के बीजों से। यह माँ ही बताती थीं। मैं भी तो हर बरस आती हूँ, कभी कुछ गलत हुआ जमना मामा की ओर से? पर आज सब चुप हैं, कोई बोलता क्यों नहीं? नानी का ही आर्त स्वर फूटा था “एक छोटी सी और पहली गलती पर सीधा मृत्युदंड?” वे आँचल में मुंह छुपाए अपने कमरे में चली गईं तो पीछे-पीछे केवल नाना जी गए थे, और किसी का साहस न था इस समय कि नानी से बात कर ले।
अंदर से लगभग आध घंटा नानी के सिसकने की और नानाजी की समझाने वाली खुसफुसाहट ही आ सकीं। मामा जी खेत के बहाने बाहर चले गए और मामी जी रसोई के बहाने अंदर। माँ वहीं बैठे-बैठे मेरी चोंटी खोलकर सुलझे-सुलझाए बाल फिर सुलझाने लगीं।
तभी नाना जी हारे हुए से बाहर आए फिर जैसे घर के सब सुन लें पर पड़ोसियों को पता न लगे, इतनी ऊँची आवाज में बताने लगे। कहती है “जमना को नहीं रखना तो काशी छोड़ आओ मुझे। ग्यारह की गाड़ी है, स्टेशन दो कोस है। अभी गाड़ी जोत लो। मेरे पीछे आ जाना। मैं तो अब चली। उस हत्यारे की मोटरसाइकिल पर नहीं जाऊँगी।”
यह आखिरी बात मामा के संदर्भ में थी यह सब समझ गए थे। दो धोती पोटली में बांधे वे जैसे अंतिम श्वास गिन रहे अनन्य आत्मीय जन से मिल रही हों फफकते-फफकते जमना मामा से लिपट गईं। रोते-रोते उनकी हिचकियां नहीं थम रहीं थी और अचानक “मेरे जमनाऽऽऽ”की तेज दहाड़ मारकर अचेत हो गईं। सब घबरा गए। पड़ौसिनें बाहर निकल आईं। किसी ने अपने लड़के को मामा जी को बुलाने भेज दिया। वे दौड़े-दौड़े आए तो दो-चार मित्र भी उन्हें ऐसे भागते देख साथ हो लिए।
नानाजी ने नाड़ी देखी, चल रही थी। मामी ने नानी की नाक के पास अंगुली रख सांसें परखना चाहीं, तो माँ ने अत्यंत कड़वी दृष्टि से देखते हुए उनका बढ़ता हाथ झटक दिया।
मामा के एक मित्र गाँव के डाक्टर को बुला लाए। कोई जमना मामा के नीचे ही खाट ले आया। नानी को उठाकर उस पर लिटाया। पानीं के छींटे मारे डाक्टर ने प्रारंभिक जाँच करके बताया “घबराने की बात नहीं है, कोई सदमा लगा है शायद। थोड़ी देर में चेत आ जाएगा।” तब वातावरण थोड़ा हल्का हुआ।
ठंडे पानी के छींटे मारे गए। “जमना” क्षीण स्वरों बुदबुदाते हुए नानी ने थोड़ी देर में आँखें खोलीं। नाना जी ने पानी पिलाया। मामा-मामी उनके पैरों में लोटकर क्षमा मांगने लगे। नानी ने अपने माथे पर हाथ रखवाकर सौगंध दिलाई कि जमनालाल नहीं कटेगा तब मानी।
दो दिन बाद हमें लौटना था। विद्यालय खुलने वाले थे। अगले दिन एक घटना जैसे हमारी प्रतीक्षा कर रही थी। मैं और नानी जमना मामा के नीचे बैठे थे कि कहीं से एक काला भुजंग सरसराता हुआ उधर आ निकला। हम तो उसे देख न पाए पर मामी की दृष्टि अंदर से ही पड़ गई। वे वहीं से चीखीं “सांऽप”।
चमत्कार कहें या संयोग पर ठीक तभी जमना लाल की एक मोटी डाली सांप के आगे गिरी और काल पलट कर चला गया।
आज हमें जाना है। नानी, जमनालाल के गदरीले जामुनों की टोकरी से चुन-चुनकर एक मिठाई के डिब्बे में ऐसे सजाकर रखने लगीं जैसे वे जामुन नहीं गुलाब जामुन हों। फिर बोली “ये मामा जी के घर की मिठाई है, तू भी खाना सहेलियों को भी खिलाना।” धीरे से डिब्बे का ढक्कन लगाते हुए बोलीं “सम्हाल के ले जाना नहीं तो फूट जाएँगे, फूट गए तो मामा रूठ जाएँगे।” नानी मुस्कुराई।
माँ अंदर सामान समेटने गई थीं। मैंने नानी के गले में दोनों हाथ लपेटे और कान में फुसफुसा कर कहा “नानी! मिठाई नहीं, मुझे तो यह मिठाई वाले मामा ही चाहिए।”
नानी भी उसी स्वर में बोली “तेरी माँ को नहीं पसंद।”
“पर मुझे पसंद है। मुझे चाहिए।”
“बड़ी होकर ससुराल जाए तो इसका रोपा अपने साथ ले जाना। तेरी माँ की तरह मना मत कर देना।” कहते हुए वे उठीं और एक अनमोल भेंट की तरह जमनालाल का नन्हा वंशज मेरे हाथ में थमा दिया। माँ को आते देखा तो मैंने उसे पीठ के पीछे छुपा लिया।
“ले चलो, छुपाने की जरूरत नहीं है।” माँ की मुस्कुराहट क्षमा मांग रही थी और नानी की मुस्कुराहट जैसे क्षमा दे रही थीं।
एक टूटी परंपरा को जुड़ते देख जमना मामा अपने पत्तों से ताली बजा रहे थे। उनके नीचे से गुजरते समय एक डाल लचका कर जैसे उनने हम माँ बेटी के सिर आशीर्वादी स्पर्श करते हुए छू लिए।
और पढ़े: छोटे का गांव
(लेखक इंदौर से प्रकाशित ‘देवपुत्र’ बाल मासिक पत्रिका के संपादक है।)