पुस्तक समीक्षा: आओ बनें आदर्श विद्यार्थी

– गोपाल माहेश्वरी

आदर्श का अर्थ है दर्पण, जिसमें हम अपनी छवि को स्वयं देखकर उसे व्यवस्थित कर सकते हैं, सुधार और संवार सकते हैं। यह आदर्श केवल शरीर के लिए ही नहीं चाहिए उससे अधिक चरित्र के लिए भी चाहिए। शरीर को दिखाने वाला दर्पण बाजार में मिलता है, सब घरों में मिलता है। यात्रा में जाते समय भी आवश्यक सामानों में सम्मिलित होकर साथ रहता है लेकिन चरित्र का दर्पण अर्थात् आदर्श साथ रखना हो तो उसका एक सुगम उपाय है अच्छी पुस्तक। जैसे घर बाहर हमें स्वरूप निरीक्षण हेतु आदर्श चाहिए, वैसे ही जीवन के हर पड़ाव पर, जीवन की यात्रा में आदर्श प्रस्तुत करने वाली पुस्तकें चाहिए।

विद्यार्थी जीवन जीवन यात्रा का एक महत्वपूर्ण चरण है। संपूर्ण जीवन का आरंभिक कालखंड। इसमें पथ भूले, स्वरूप विकृत हुआ तो शेष यात्रा भी प्रदूषित, विदूषित होती है। लक्ष्य तो नहीं ही मिलता है समाज में भी यथेष्ट सम्मान नहीं मिलता क्योंकि चरित्र विरूप होने पर न देश और समाज के लिए और न स्वयं के और स्वयं के परिवार के लिए भी उसकी उपयोगिता जैसी हो सकती है वैसी रह पाती है।

वर्तमान कालखंड में राष्ट्र एक ऐसे दौर से गुजर रहा है जब युवा छात्रों को एक उपकरण के रूप में प्रयोग करते हुए वैदेशिक और उसमें भी अराजक-चिंतनजन्य कुप्रवृत्तियों या ऐसे कहें कि विकृतियों को आदर्श बनाकर प्रस्तुत किया जा रहा है। ऐसे में कतिपय तरुण भारतीयों की मनीषा के सम्मुख एक विभ्रम की स्थिति निर्माण हो रही है और बहुत कम पर बारंबार प्रदर्शित होता तरुण भारत एक वैदेशिक और राष्ट्रीय चिंतन से परे धकेलती विचारधारा के मायाजाल में उलझता जा रहा है।

ऐसे भ्रमपूर्ण वातावरण में यह महत्वपूर्ण पुस्तक लघु पुस्तिका ‘आओ बने आदर्श विद्यार्थी’ हमारे सामने प्रस्तुत हुई है जो समस्या का रोना न रोते हुए समाधानकारी उपचार करती है। इस पुस्तक में भारतीय मूल चिंतन के आधार पर हम अपने राष्ट्र को सुविकसित करने हेतु किस प्रकार की भावी  पीढ़ी को गढ़ना, संस्कारित करना चाहते हैं इस सरल भाषा और सुबोध शैली में गहरा विमर्श प्रस्तुत किया गया है। नैतिक, देशभक्त, चरित्र संपन्न, कर्तव्य परायण, सेवाभावी, पर्यावरण हितैषी, और नागरिक-बोधसंपन्न  विद्यार्थी ही कल की तरुण भारत की छवि को प्रस्तुत करने वाले हैं। इसलिए इस पीढ़ी में अपेक्षित गुणों का विकास करने के लिए किन आदर्शों की ओर देखना चाहिए? किससे सीखना चाहिए? इसके लिए विद्या भारती के अनुभवी कार्यकर्ता एवं वर्तमान में जोधपुर प्रांत के संगठन मंत्री का दायित्व निर्वहन कर रहे अनुभवी शिक्षाविद् और संगठनकर्ता ‘श्री रवि कुमार जी’ ने अनेक प्राचीन और अर्वाचीन युगीन आदर्श विद्यार्थियों के जीवन प्रसंगों को सरल और सहज ही समझ में आ सकने वाली शैली में इस प्रकार अभिव्यक्त किया है कि ये प्रसंग लंबे और व्यापक अध्ययन के अभाव में पढ़ते ही पाठक विद्यार्थियों को हृदयंगम हो जाते हैं।

उदाहरण स्वरूप कुछ प्रसंग का उल्लेख करूं तो इसी पुस्तिका में भारत के दक्षिणी भाग के सुप्रसिद्ध संत तिरुवल्लुवर जी का एक प्रसंग जिसमें वे धनी युवकों को शांत एवं प्रेमपूर्ण व्यवहार से उनके धन के गर्व का हरण कर श्रम के सम्मान का संदेश व्यक्त हुआ है। एक अन्य प्रसंग राजस्थान की अमृतादेवी विश्नोई द्वारा खेजड़ी के वृक्षों को कटने से बचाने के लिए प्राणों की बाजी लगा देने के उल्लेख है। जिसमें 363 स्त्री-पुरुषों के वृक्षों की रक्षा हेतु बलिदान होने का प्रामाणिक उल्लेख पर्यावरण चेतना की सशक्त एवं उदात्त प्रेरणा बनता है। ऐसे प्रसंगों के साथ वर्तमान युगीन सकारात्मक कार्यों को जोड़ा गया है। जैसा इस प्रसंग के साथ चैन्नई की दस वर्षीया बालिका प्रसिद्धि सिंह द्वारा 78 स्थानों पर 1,30,000 पौधे लगवाने का अनुकरणीय सत्कार्य उल्लिखित है साथ ही इस बालिका को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिलने की बात बताई है। विद्यार्थियों को यह बातें तत्काल प्रेरित करती हैं। ऐसा तो हम भी कर सकते हैं, यह उत्साह जागता है।

पुस्तिका ऐसे विभिन्न गुणों के उत्प्रेरक प्रसंग से समृद्ध है। इन प्रसंगों को पुराणों से, इतिहास से और वर्तमान से भी उठाकर इस प्रकार संयोजित किया है कि विद्यार्थी इन्हें पढ़ते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा से सहज जुड़ा पाता है। अतीत से वर्तमान जोड़कर भविष्य निर्माण के लिए संकल्पित होता है।

यह पुस्तिका बाल एवं किशोर अवस्था के बच्चों को इसका मुख्य पाठक मानकर रची गई है। इस पुस्तक का केवल स्वयंपठन ही नहीं बाल सभाओं, प्रार्थना सभाओं में क्रमशः वाचन, और इन प्रसंगों पर समूह चर्चा द्वारा भी पूर्ण सदुपयोग अधिक सुफलकारी होगा। यह पाठ्यक्रम-पुस्तक नहीं है। इसलिए इसे निश्चित समय में समाप्त करना भी अपेक्षित नहीं है लेकिन पाठ्यक्रमों के विषयों के बीच के अवकाश को भरने का ऐसे प्रसंगों पर चर्चा से उपयुक्त कोई विकल्प नहीं हो सकता। इससे बच्चे इस प्रकार जीवनोपयोगी संस्कार-साहित्य में अनुरक्त होंगे एवं स्वयं भी अतीत और अपने समकाल से श्रेष्ठ आदर्शों, सत्चरित्रों और प्रेरक प्रसंगों को खोजने और उन पर सार्थक चर्चा करने के सहज अभ्यासी बनेंगे। लेखक ने एक प्रादर्श (मॉडल) रचा है। ऐसी अनेक कृतियाँ, अनुकृतियाँ, प्रतिकृतियाँ रचने में विद्यार्थियों को स्वयमेव ही रस आने लगे, यही लेखक का अभीष्ट जान पड़ता है। इसलिए यह पुस्तक इस विशेष दृष्टिकोण से अनंतिम है। जिसे पाठक बच्चे स्वयं ही और आगे बढ़ाते रहेंगे। यही इस पुस्तिका का परमोद्देश्य भी है।

एक बगीचे का सौंदर्य सार उसके फूलों में, फूलों का सार एक इत्र की छोटी सी शीशी में समाता है जिसे कोई भी जेब में लेकर हर कहीं चल सकता है और जिसके खुलते ही न केवल वह बल्कि आसपास का वातावरण भी महका देता है वैसा ही भारतीय ज्ञान के अपार विस्तार युक्त नंदनवन से सार ग्रहणकर लेखक ने विशेषतः छात्रोपयोगी सार संचयन किया है। छात्रों के लिए संचयित होते हुए यह छात्रों के पालकों और शिक्षकों के लिए भी उतना ही उपयोगी है। यह परिवार चर्चा के कई विषयों का सूत्रपात भी करता है।

एक सरलतम भाषा में, सहज संवाह्य और सर्वदा सुग्राह्य सामग्री से संपूरित यह सीधे-सीधे विद्यार्थी पाठकों के हृदय में प्रवेश करने योग्य, और करवाने योग्य भी उत्तम संकलन है।

चित्ताकर्षक आवरण सहित पुस्तक डिमाई आकार के, बहुरंगी चित्रों से यथास्थान सुसज्जित 52 पृष्ठों में संपूर्ण है। अपने राष्ट्र के विभिन्न राष्ट्रीय और सामाजिक जीवन में अपने कार्यों से एक अनुकरणीय आदर्श संरचना करने वाले, तीस से अधिक महापुरुषों के जीवन प्रसंगों को समेटे यह पुस्तक सामान्य उपदेश पुस्तिका से अलग एक विचार संदीपक, आचार संपोषक और प्रेरणा निर्माण करने वाली पुस्तिका लेखक के रचना कोशल, स्वाध्याय श्रम और प्रस्तुति सौन्दर्य के साथ ही नई पीढ़ी को समुचित दिशा देने की उनके हृदय की तीव्रतम अभिलाषा की अभिव्यक्ति है। यह अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंच सके तो लेखक का प्रयास सार्थक और संकल्पसिद्धि हो सकेगा। और यह सद्श्रम तो हम सबका ही कर्तव्य है जिसे स्मरण रखने की प्रार्थना है।

पुस्तक : आओ बनें आदर्श विद्यार्थी

लेखक : रवि कुमार

प्रकाशक : ज्ञान गंगा प्रकाशन, जयपुर

मूल्य : 30 ₹

प्रथम संस्करण : 21 मई 2026

और पढ़े: भारतीय शिक्षा दर्शन की मार्गदर्शिका बनेगी- भारतीय शिक्षा दृष्टि

(लेखक इंदौर से प्रकाशित ‘देवपुत्र’ बाल मासिक पत्रिका के संपादक है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *