भारतीय दर्शन और मानसिक स्वास्थ्य-1

– डॉ. शिवानी कटारा

सारांश

यह शोध भारतीय दर्शन, आधुनिक तंत्रिका-विज्ञान (Neuroscience) और मनोविज्ञान (Psychology) के संगम पर आधारित है, जो मानसिक स्वास्थ्य  की अवधारणा को ‘धृति’ – अर्थात् मानसिक स्थिरता, सहनशीलता और आत्म-संतुलन – के रूप में पुनर्परिभाषित करता है। आधुनिक जीवन की तेज़ रफ़्तार, डिजिटल दबाव और सामाजिक प्रतिस्पर्धा ने मनुष्य को भीतर से अस्थिर कर दिया है। भारतीय दृष्टि के अनुसार, मानसिक स्वास्थ्य केवल रोग-मुक्त अवस्था नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के सामंजस्य की स्थिति है। इस अध्ययन में आहार, ध्यान, प्राणायाम, सेवा, संवाद और संयम जैसे तत्वों को मानसिक स्थिरता के प्रमुख आयामों के रूप में प्रस्तुत किया गया है। साथ ही, आधुनिक शोधों जैसे के निष्कर्ष यह प्रमाणित करते हैं कि भारतीय जीवन-दर्शन की ये परंपराएँ मानसिक स्वास्थ्य को गहराई से सशक्त करती हैं और जीवन में शांति, धैर्य तथा संतुलन का विकास करती हैं।

प्रस्तावना

आज का मनुष्य बाहरी रूप से जितना आगे बढ़ा है, भीतर से उतना ही अस्थिर और व्याकुल हो गया है। तेज़ रफ़्तार जीवन, बढ़ती अपेक्षाएँ और संबंधों का दबाव मन को थका चुका है। राष्ट्रीय आँकड़ों के अनुसार, भारत में लगभग 15% वयस्क ऐसे हैं जिन्हें सक्रिय मानसिक हस्तक्षेप (Intervention) की आवश्यकता है (Press Information Bureau, 2025)। युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति और भी चिंताजनक है – mhfaindia.com (2024) के अनुसार, भारत के लगभग 40% किशोर तनाव और चिंता को अपनी प्रमुख समस्या मानते हैं। Mental Health of Young Adults Pursuing Higher Education in India (2025) अध्ययन में पाया गया कि 18–29 वर्ष के विद्यार्थियों में चिंता (anxiety) और अवसाद (depression) अत्यधिक सामान्य हैं। IPGMER, कोलकाता के अनुसार, आत्महत्या और नशे का मूल कारण भावनात्मक सहारे की कमी है। AIIMS रायपुर (2025) ने पाया कि पाँच वर्ष से कम उम्र के बच्चे औसतन 2.22 घंटे प्रतिदिन स्क्रीन टाइम बिताते हैं – यह सुरक्षित सीमा से दुगना है। वहीं, 2024 के अध्ययन में 37.9% युवाओं में अवसाद और 33.3% में चिंता के लक्षण सोशल मीडिया उपयोग से जुड़े पाए गए।

उद्देश्य

इस आलेख का उद्देश्य भारतीय दर्शन में निहित मानसिक स्वास्थ्य की अवधारणाओं को आधुनिक मनोविज्ञान और न्यूरोसाइंस के परिप्रेक्ष्य में समझना और जोड़ना है। यह अध्ययन विज्ञान और अध्यात्म के बीच एक संतुलित संवाद स्थापित करने का प्रयास है।

व्याख्या और विश्लेषण

मानसिक स्वास्थ्य क्या है? भारतीय दर्शन में मानसिक स्वास्थ्य का मूल तत्व ‘धृति’ माना गया है और धर्म के दस लक्षणों में प्रथम कहा गया है –

धृतिः क्षमा दमोऽस्तेयं शौचमिन्द्रियनिग्रहः।

धीर्विद्या सत्यमार्जवमिति धर्मस्य लक्षणम् ॥ मनुस्मृति ७.९२–९३ ॥

अर्थात् “धैर्य (धृति), क्षमा, दमन (संयम), अस्तेय, शौच, इन्द्रियनिग्रह, धी, विद्या, सत्य और आर्जव – यही धर्म के स्वरूप हैं।”

धृति केवल साधारण धैर्य नहीं, बल्कि जीवन की रीढ़ है। आज आधुनिक मस्तिष्क-विज्ञान (Neuroscience) और सकारात्मक मनोविज्ञान (Positive Psychology) इसी धृति को नए नामों में पहचान रहे हैं – मानसिक लचीलापन (Mental Resilience), भावनात्मक स्थिरता (Emotional Stability), आत्म-नियंत्रण (Self-Regulation) और आंतरिक शक्ति (Inner Strength)। अमेरिकन साइकोलॉजिकल एसोसिएशन ( 2022) के अनुसार, जिन लोगों में मानसिक सहनशक्ति अधिक होती है, उनमें तनाव हार्मोन (Cortisol) का स्तर कम और हृदय की लय में विविधता (Heart Rate Variability) बेहतर होती है – यह मन और शरीर के संतुलन का संकेत है।

धृतिवान व्यक्ति वह है जो हर परिस्थिति में भावनात्मक स्थिरता बनाए रखता है, धैर्य और संयम से निर्णय लेता है, निराशा में भी आशा देखता है, और क्षणिक आवेगों पर नियंत्रण रखकर अपने मूल्यों पर अडिग रहता है। इसका अभाव ही आज के अधिकांश मानसिक विकारों – क्रोध संबंधी समस्या (Anger Issues), आवेगशीलता (Impulsivity), चिंता और निर्णय थकान (Decision Fatigue) की जड़ है। अतः वास्तविक मानसिक स्वास्थ्य केवल दवाओं या परामर्शों से नहीं, बल्कि भीतर की धृति” के विकास से जन्म लेता है और इसकी शुरुआत होती है आहार से।

आहार अनुशासन और मानसिक स्वास्थ्य

भारतीय दर्शन कहता है – “जैसा अन्न, वैसा मन।” और छांदोग्य उपनिषद् में उल्लेख है –

“आहारशुद्धौ सत्त्वशुद्धिः”

अर्थात् जब भोजन शुद्ध होता है, तब मन और बुद्धि भी निर्मल हो जाते हैं।

भोजन केवल पेट भरने का नहीं, बल्कि विचारों और भावनाओं को संतुलित करने का माध्यम है। सात्त्विक भोजन यानी ताज़ा, हल्का, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन मन को शांत और स्थिर रखता है। जबकि बहुत तला-भुना, मिर्च-मसालेदार या प्रसंस्कृत भोजन (Processed Food) चिड़चिड़ापन, बेचैनी और थकान बढ़ाता है। भोजन का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण है – बैठकर, धीरे-धीरे, कृतज्ञता (Gratitude) और सजगता (Awareness) के साथ खाना मन को स्थिर करता है। आधुनिक विज्ञान में इसे सजग भोजन (Mindful Eating) कहा गया है।

विज्ञान अब मानता है कि हमारे पेट और दिमाग का गहरा संबंध है – जिसे आंत-मस्तिष्क संबंध (Gut-Brain Axis) कहा जाता है। हमारी आँतों में रहने वाले सूक्ष्म जीव सेरोटोनिन (Serotonin) जैसे रसायन बनाते हैं, जो हमारे मनोभाव (Mood) यानी खुशी और तनाव को नियंत्रित करते हैं। अगर आहार अस्वस्थ है, तो यह संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे चिंता, अवसाद और थकान (Fatigue) बढ़ती है। हार्वर्ड पब्लिक हेल्थ (2024) के अध्ययन के अनुसार, जो लोग अधिक प्रसंस्कृत भोजन खाते हैं, उनमें अवसाद का जोखिम 35% अधिक होता है।

ध्यान, भक्ति, प्राणायाम और जप

ये सभी केवल धार्मिक साधन नहीं, बल्कि तनाव का जैविक शुद्धिकरण (Biological Detox of Stress) हैं। आधुनिक विज्ञान बताता है कि लगातार तनाव से मस्तिष्क का भय और चिंता नियंत्रक भाग (Amygdala) अत्यधिक सक्रिय हो जाता है, जबकि निर्णय और भावनात्मक संतुलन केंद्र (Prefrontal Cortex) की कार्यक्षमता घटती है। परिणामस्वरूप, चिंता (Anxiety), भय (Fear) और अवसाद (Depression) अब हर उम्र में सामान्य हो गए हैं।

लेकिन जहाँ विज्ञान कारण बताता है, वहीं अध्यात्म समाधान देता है। नियमित ध्यान (Meditation) से तनाव हार्मोन (Cortisol) घटता है और सुख हार्मोन (Serotonin) तथा स्नेह हार्मोन (Oxytocin) बढ़ते हैं – जिससे व्यक्ति में शांति, करुणा और आत्म-नियंत्रण  स्वाभाविक रूप से विकसित होता है। मस्तिष्क स्कैन अध्ययनों में पाया गया कि ध्यान करने वालों में शांति तरंगें (Alpha Waves) और गहरी विश्रांति तरंगें (Theta Waves) अधिक सक्रिय होती हैं। UCLA (2023) के अध्ययन में पाया गया कि जो बच्चे रोज़ 10-15 मिनट सजग ध्यान (Mindfulness Meditation) करते हैं, उनके निर्णय केंद्र (Prefrontal Cortex) और स्मृति केंद्र (Hippocampus) में धूसर पदार्थ (Grey Matter – मस्तिष्क का सोचने और याद रखने वाला भाग) बढ़ जाता है। ध्यान मस्तिष्क की पुनर्गठन क्षमता (Neuroplasticity) को बढ़ाता है – यानी दिमाग खुद को बेहतर ढंग से सीखने और विकसित करने की क्षमता प्राप्त करता है। इससे बच्चों में एकाग्रता, ध्यान की अवधि (Attention Span), समझ और भावनाओं पर नियंत्रण स्वाभाविक रूप से बेहतर होता है। अध्ययनों में यह भी पाया गया कि नियमित ध्यान से उम्र बढ़ने की गति धीमी हो जाती है, जिससे शरीर और मन लंबे समय तक स्वस्थ और तरोताज़ा रहते हैं – यही मन-शरीर संतुलन (Mind-Body Balance) है। भारतीय दर्शन कहता है –

“योगः चित्तवृत्ति निरोधः”

अर्थात् जब मन की चंचलता थमती है, तभी सच्चा योग और वास्तविक मानसिक स्वास्थ्य प्राप्त होता है।

अध्यात्म केवल ध्यान नहीं, बल्कि भक्ति का भी विज्ञान है। जब व्यक्ति यह समझता है कि सब कुछ उसके नियंत्रण में नहीं, और वह किसी विराट शक्ति (Universal Power) का अंश है – तब मन में समर्पण (Surrender) का भाव आता है, जो तनाव को पिघला देता है। जैसा कहा गया है – “जो हुआ अच्छा हुआ, जो हो रहा है अच्छा हो रहा है, जो होगा अच्छा ही होगा।” यह कोई साधारण वाक्य नहीं, बल्कि मानसिक पुनर्व्यवस्था (Psychological Reframing) का सिद्धांत है – जब हम जीवन को नियंत्रण नहीं, बल्कि स्वीकार्यता (Acceptance) से देखते हैं, तब मन हल्का हो जाता है। भगवद्गीता में श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं – “तुम्हारा युद्ध दूसरों से नहीं, अपने ही संदेह से है।” यानी आत्म-संघर्ष ही सबसे बड़ा युद्ध है। आत्म-स्वीकृति (Self-Acceptance) केवल भावनात्मक निर्णय नहीं, बल्कि मस्तिष्कीय पुनर्संरचना (Brain Rewiring) की प्रक्रिया है। यह आत्म-प्रशंसा नहीं, बल्कि आत्म-साक्षात्कार है – “मैं पूर्ण नहीं, पर अपूर्ण भी अस्वीकार्य नहीं।” हर व्यक्ति की गति अलग होती है; तुलना केवल भ्रम बढ़ाती है। जब मन स्वयं को शत्रु नहीं, सहचर मानने लगता है – तभी भीतर करुणा, संतुलन और शांति सहज रूप से खिलती है। स्व-स्वीकृति बढ़ाने के सरल उपाय हैं – प्रतिदिन कुछ समय स्व-अवलोकन (Self-Reflection) में बिताना, कृतज्ञता लेखन (Gratitude Journaling) करना, सकारात्मक आत्म-संवाद (Positive Self-Talk) और श्वास-जागरूकता (Breath Awareness) का अभ्यास।

श्वास – जो मन की धड़कन की तरह है – प्राणायाम से संयमित होती है। यह केवल श्वास का अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन-ऊर्जा (Vital Life Force) को संतुलित करने का माध्यम है। अध्यात्म में “प्राण”  को चेतना का सेतु कहा गया है – जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ता है। पतंजलि योगसूत्र (2.49–53) में कहता है –

“प्राणायामात् शुद्धिक्षयोऽध्यात्मप्रकाशः।”

अर्थात् प्राणायाम मन को शुद्ध कर आत्मा का प्रकाश जगाता है, जिससे धृति (Mental Resilience) विकसित होती है।

वैज्ञानिक दृष्टि से, प्राणायाम रक्त में ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाता है और स्वायत्त तंत्रिका तंत्र (Autonomic Nervous System) को संतुलित करता है – विशेषकर शांत तंत्र (Parasympathetic System) को सक्रिय कर तनाव घटाता है।

इसी प्रकार जप या मंत्र-स्मरण मस्तिष्क में गहरी लयबद्धता (Rhythmic Harmony) उत्पन्न करता है। इनमें सबसे प्रमुख है ॐ का उच्चारण – जिसे भारतीय दर्शन में केवल एक अक्षर या मंत्र नहीं, बल्कि सम्पूर्ण सृष्टि का आद्य नाद (Primordial Cosmic Sound) कहा गया है। EEG (Electroencephalography) अध्ययनों में पाया गया है कि ॐ का जप मस्तिष्क में शांत तरंगें (Alpha Waves) बढ़ाता है, जो गहरी विश्रांति (Deep Relaxation) और एकाग्रता से जुड़ी हैं। यह वेगस तंत्रिका (Vagus Nerve) को सक्रिय करता है – जिसे शरीर का ‘शांत करने वाला स्विच’ कहा जा सकता है। शोध बताते हैं कि योग और ॐ जप से महिलाओं में रजोनिवृत्ति के लक्षणों में कमी आती है। यह पीनियल ग्रंथि को सक्रिय कर मेलाटोनिन बढ़ाता है – जिससे नींद और हार्मोनल संतुलन सुधरता है। ॐ को “चिकित्सीय आवृत्ति” (Healing Frequency) भी माना गया है – इसका कंपन लगभग 432 Hz पर गूँजता है, जो शरीर के जल और कोशिकाओं (Cells) में अनुनाद (Resonance) उत्पन्न करता है, जिससे ऊर्जा प्रणाली पुनः संतुलित होती है। इसके कंपन मस्तिष्क में रक्त प्रवाह को सुधारते हैं, जिससे मानसिक क्षमताएँ (Cognitive Function) सुरक्षित रहती हैं। Complementary Therapies in Medicine (2016) के अनुसार, ॐ जप न्यूरोडीजेनेरेटिव रोगों जैसे Parkinson’s Disease और Alzheimer’s Disease में एक प्रभावी सहायक उपचार (Adjunct Therapy) सिद्ध हो सकता है।

और पढ़े: भारतीय शिक्षा के आध्यात्मिक आधार – भाग पांच (भारतीय दर्शन और शिक्षा)

(लेखिका डेंटल सर्जन है और दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएच.डी. है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *