शिक्षा स्वावलंबन की, स्वावलंबन से…

– दिलीप बेतकेकर

परसों अचानक एक पूर्व छात्र विद्यालय में आया। छुट्टियों की अवधि में संभाषण कक्षा में संस्कृत सीखने के लिये सहभागी होने के लिये इच्छा व्यक्त की, प्रसन्नता हुई। “क्या कर रहे हो आजकल”? मैंने पूछा। “घर पर ही काम करता हूँ”।

मुझे और अच्छा लगा। बढ़ईगिरी उसके पिताजी का व्यवसाय था। गत वर्ष तक छात्र हमारे विद्यालय का नियमित छात्रा था, अनुत्तीर्ण हुआ। एक दिन मैंने उससे कहा, “बारहवीं की परीक्षा तुम घर पर ही पढ़ाई करके दे सकते हो। इस हेतु रोज विद्यालय आने की आवश्यकता नहीं है। घर में रहकर तुम पढ़ाई के साथ पिताजी के काम में मदद भी कर सकते हो।”

घर का ही व्यवसाय होने के कारण उस विद्यार्थी को थोड़ा-थोड़ा बढ़ई कार्य आता था। घर पर रहकर पिताजी को सहायता मिलती। कुछ पैसों की आमदनी भी होती। शिक्षा अधूरी छोड़ने की आवश्यकता नहीं। यह बात उसे ठीक लगी।

“पिताजी क्या करते हैं?” ऐसा दो वर्ष पूर्व मैंने पूछा था। तब उसने अत्यंत दबी आवाज में सकुचाते हुए कहा था- “बढ़ई गिरी।” ‘बढ़ईगिरी’ एक हल्के दर्जे का काम है ऐसा वह समझ रहा था, ये उसके धीमी आवाज में उत्तर से मैं समझ गया। किंतु परसों के उसके उत्तर में फर्क था। आत्मविश्वास था। हीनभावना भी नजर न आई। कुछ वर्ष पूर्व भी ऐसा एक छात्र पढ़ता था। थोड़ा शर्मीला, ‘बारहवीं के पश्चात क्या करोगे’ पूछने पर उसने कहा, “सर, आगे और पढ़ने की इच्छा है परंतु घर की परिस्थिति ठीक न होने से संभव नहीं होगा।” पिताजी स्वर्गवासी, घर पर एक बड़ा भाई- वह भी बेरोजगार। माँ गांव में ही मछली बेचकर जैसे तैसे परिवार चलाती थी।

“पढ़ना जारी रखने के लिये कोई काम कर सकोगे?” मैंने पूछा। “हाँ सर।” मेरे प्रश्न का तुरंत उत्तर मिला।

“देखो, ठीक से विचार करके बताना। कोई भी कार्य करने को तैयार हो? यदि ‘हाँ’ तो चलो मेरे साथ। मेरे घर चलोगे?” “आऊँगा सर।” और वास्तव में ही मेरे बुलाने के अनुसार उस दिन वह घर पर आया। परिवार के सभी सदस्यों को वह अच्छा लगा, एक परिवार सदस्य ही बन गया। एक छोटी सी अर्ध-समय नौकरी उसे दिलवा दी। वह स्नातक पदवीधर हो गया।

विद्यालय में अच्छी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बी.ए. का परिणाम आते ही मिठाई लेकर घर आया। उसका चेहरा प्रफुल्लित था। हमारे परिवार को भी प्रसन्नता हुई। स्वयं के पैरों पर खड़ा होकर अपनी महाविद्यालयीन शिक्षा पूर्ण की थी। इस सुयश का समाचार देते हुए उसकी आंखों में विशेष प्रकार की चमक दिखाई दी। इस सुयश के पीछे था उसका परिश्रम। धन का अर्थ वह समझ गया था। मेहनत, पसीने का मोल वह समझ गया था।

मेरे साथ कॉलेज में एक मित्र पढ़ता था। घर से एक पैसा भी न लेते हुए कॉलेज शिक्षा पूरी करने का निश्चय उसने किया था और वास्तव में ही स्नातक तक की पढ़ाई कष्ट सहते हुए उसने पूर्ण की। कुछ दिन तो उसने दोपहर और रात्रि में एक भोजनालय में ‘वेटर’ का कार्य किया। बी.ए. का परिणाम आने पर उसके सारे कष्ट, परिश्रम सार्थक होने का भाव चेहरे पर स्पष्ट दिख रहा था। ऐसे विद्यार्थी मित्र के संघर्ष का साक्षी होने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ। एक प्रकार से उन्होंने ही मेरी हिम्मत और उत्साह बढ़ाया। शिक्षा के द्वारा स्वावलंबी मनुष्य की निर्मिति होनी चाहिये। विद्यालय, महाविद्यालय में पढ़ाई करते हुए अनेक वर्षों की कालावधि खर्च कर यदि परावलंबी जीवन जीने वाला युवक निर्मित हो रहा हो तो शिक्षा अधूरी ही कहना होगा। इस दृष्टि से विद्यालय, कॉलेज की हार हुई ऐसा मानना पड़ेगा। उपाधियों का गट्ठा साथ लेकर कॉलेज, विद्यापीठ से बाहरी खुली दुनिया में प्रवेश करने वाले, किन्तु आत्मविश्वास का अभाव रखने वाले युवाओं को देखकर- शिक्षा व्यवस्था पर तरस आता है। कहीं कुछ गलत तो नहीं हो रहा? सुदिन तो तब कहलायेगा जब युवाओं में इस प्रकार का आत्मविश्वास उत्पन्न हो जाये कि जो चाहूंगा वह प्राप्त करूंगा ही। सहायता के लिये किसी की ओर आशाभरी निगाहों से देखना न पड़े।

दसवीं-बारहवीं कक्षा तक तो ठीक परंतु उसके पश्चात भी यदि छोटी-छोटी बातों के लिये माता-पिता पर निर्भर रहना पड़े तो शिक्षा ठीक चल रही है, ऐसा कहना सही न होगा। माता-पिता अपना कर्तव्य समझकर अपने बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाते हैं यह तो ठीक है, परन्तु जब ऐसे युवाओं को देखते हैं कि जो कुछ भी काम न करते हुए पूरा समय चैक-चैराहों पर अकारण बैठकर अथवा गांव में आवारागर्दी करते हुए समय गुजारते हैं और दो समय पेट में खाना धकेलने हेतु घर पर आते हैं तब उन युवाओं के प्रति रोष उभरता है और उनके माता-पिता के प्रति सहानुभूति नहीं, तरस आता है।

स्वावलंबन के पाठ घर पर और विद्यालयों में बाल्यावस्था से ही पढ़ाये जायें तभी ये आरामदेही प्रवृत्ति पर लगाम लगेगी और परावलंबी जीवन पर रोक लग सकेगी। इस हेतु घर पर पालकों ने और शाला-कॉलेजों में शिक्षक-प्राध्यापकों द्वारा विचारपूर्वक कुछ प्रयास करने होंगे। बच्चों में स्वावलंबन के प्रति चिंता को जागृत करना होगा। अंग्रेजी में एक कहावत है, जिसके अनुसार, – “मनुष्य को स्वयं के पास जो धन है (धन का अर्थ रुपया-पैसा नहीं, वरन् शरीर, बुद्धि, क्षमता आदि धन) उसे प्रदर्शित करना, दूसरों के द्वारा प्राप्त करने से बेहतर हैं। ऐसा होने पर ही भविष्य में बच्चे स्वावलंबी बनकर स्वयंपूर्ण जीवन जी सकेंगे अर्थात् एक स्वाभिमानी पीढ़ी का निर्माण होगा। आचार्य विनोबा जी ने सूत्र रूप से अत्यंत महत्वूपर्ण विचार प्रस्तुत किया है-

“सोलह वर्ष की आयु तक स्वावलंबन की शिक्षा, सोलहवें वर्ष के पश्चात स्वावलंबन से शिक्षा”। शिक्षक-पालक सभी ने इस पर चिंतन कर इस दृष्टि से घर में और विद्यालय में जितना हितकारी हो उतना करने का प्रयास और विचार करना चाहिये।

“स्वावलंबन की शिक्षा” क्या है?

मनुष्य को किसी अन्य पर निर्भर नहीं रहना चाहिए, स्वावलंबन अपनाना चाहिए, स्वयंपूर्ण होना चाहिए। स्वावलंबन का अर्थ केवल आर्थिक न होकर, स्वयं की समस्याएं स्वयं सुलझाने की क्षमता होनी चाहिए। स्वयं के निर्णय स्वयं लेना चाहिए। स्वयं का स्वतंत्र चिंतन करना होगा। स्वावलंबन की शिक्षा का अर्थ अत्यंत व्यापक है।

यह शिक्षा केवल प्रश्नोत्तर का अध्ययन कर प्राप्त नहीं होगी। इस हेतु पालक-शिक्षक को पाठों के तथा पुस्तकों के पार देखने की आवश्यकता है। केवल परीक्षा का उद्देश्य आंखों के समक्ष रखते हुए शिक्षा कार्य करने से कुछ नहीं प्राप्त होगा। परीक्षा महत्वपूर्ण है, किन्तु उसे ही सब कुछ मानना उचित नहीं। यदि पालक और शिक्षक द्वारा संयम बरता जाये तो बच्चों को बाल्यावस्था से ही स्वावलंबन की शिक्षा मिल सकेगी। उदाहरण- बालवाड़ी में जाने वाले बच्चों को स्वयं के कपड़ों के बटन स्वयं लगाने पड़ते है। माता-पिता समय की कमी के कारण उनकी मदद कर देते हैं। जूतों के बंद भी माता-पिता ही बांध देते हैं। पॉलिश कर देते हैं। परिणामतः बच्चों को स्वावलंबन का अवसर ही नहीं मिल पाता। छोटी-छोटी बातें तो बच्चों को स्वयं करने हेतु प्रेरित करना चाहिए। पढ़ाई के संबंध में ऐसा ही होता है। बच्चों के समय की बचत हो इस कारण माता-पिता प्रश्नों के उत्तर स्वयं निकालकर देते हैं। परिणामतः बच्चे ‘रेडिमेड’ उत्तरों की अपेक्षा करने लगते हैं।

पुणे के ‘ज्ञानप्रबोधिनी’ विद्यालय में छात्रों को सब्जी मंडी में ले जाकर बड़े व्यापारियों से सब्जी क्रय करवाई। तत्पश्चात् उसे फुटकर रूप में बिक्री कर लाभ-हानि का गणित आदि संपूर्ण व्यवहार करवाया। छात्रों को प्रायोगिक व्यवहार सिखाया गया। माता-पिता द्वारा दिये पंद्रह-बीस रुपयों की पॉकेटमनी की अपेक्षा उपरोक्त व्यवहार से कमाया धन अधिक मूल्यवान था। परीक्षा समाप्त होने पर छुट्टियाँ होंगी। दसवीं से आगे की कक्षा के छात्रों को कुछ काम करने चाहिए। घर बैठे तो काम मिलना नहीं। इस हेतु कुछ प्रयास करें। इससे काम तलाशने का अनुभव तो मिलेगा ही, भले ही काम न मिले। तलाश अभियान की अवधि में अनेक लोग मिलेंगे, व्यवहार का अनुभव मिलेगा, यदि रोजगार का अवसर मिला तो कुछ धन प्राप्ति होगी जो अमूल्य होगी। आत्मविश्वास की वृद्धि होगी। यही है छुट्टियों की अमूल्य कमाई।

आगामी शिक्षा सत्र में छात्र, पालक, शिक्षकों ने आचार्य विनोबा जी के सूत्रानुसार स्वावलंबन शिक्षा हेतु कार्य किये तो शिक्षा क्षेत्र के लिये अमूल्य योगदान होगा।

और पढ़े: स्वास्थ्य बनाम शिक्षा

(लेखक शिक्षाविद, स्वतंत्र लेखक, चिन्तक व विचारक है।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *