– डॉ. शिवानी कटारा
दैनिक दिनचर्या और मानसिक स्वास्थ्य
मानसिक समस्याएँ बढ़ने का एक बड़ा कारण यह है कि व्यक्ति ने नियमितता (Routine) और सामंजस्य (Harmony) से दूरी बना ली है। अब दिन 24 घंटे के प्राकृतिक चक्र में नहीं, बल्कि ‘डिजिटल घड़ी’ में बँट गए हैं – जहाँ रातें जागरण की और सुबहें थकान की प्रतीक बन गई हैं।
भारतीय दर्शन के अनुसार, जीवन तीन स्तरों पर चलता है – शरीर, मन और आत्मा; इनका संतुलन ही सच्ची दिनचर्या (Daily Rhythm) है। आयुर्वेद में कहा गया है – “दिनचर्या हि आरोग्यस्य कारणम्।” अर्थात् सही दिनचर्या ही स्वास्थ्य का मूल कारण है। दिनचर्या केवल कुछ यांत्रिक क्रियाएँ नहीं, बल्कि प्रकृति की लय के साथ सामंजस्य है – जैसे सूर्योदय के साथ उठना, सात्त्विक आहार और रात्रि में आत्म-चिंतन। जब जीवन प्रकृति की लय से जुड़ता है, तो शरीर की जैविक घड़ी (Circadian Rhythm) संतुलित रहती है, और मन स्थिर होता है। उल्लेख मिलता है – “ब्राह्मे मुहूर्ते उत्तिष्ठेत् स्वस्थो रक्षार्थमायुषः। तत्र सर्वार्थशान्त्यर्थं स्मरेच्च मधुसूदनम्॥” (अष्टांग हृदयम्) अर्थात्, ब्रह्म मुहूर्त यानी सूर्योदय से लगभग डेढ़ घंटे पहले उठना दीर्घायु प्रदान करता है और रोगों से रक्षा करता है। इंटरनेशनल जर्नल ऑफ़ योगा एंड अलाइड साइंसेज़ के अनुसार, ब्रह्म मुहूर्त में वातावरण में नव-उत्पन्न ऑक्सीजन (Nascent Oxygen) अधिक होती है, जो हीमोग्लोबिन से मिलकर ऑक्सीहीमोग्लोबिन बनाती है। यह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को बढ़ाती है, रक्त संतुलन (Blood pH Balance) बनाए रखती है, थकान घटाती है और हड्डियों के स्वास्थ्य को सुदृढ़ करती है। Harvard Chronobiology Research (2023) के अनुसार, सुबह 4 से 6 बजे के बीच मस्तिष्क की Alpha Waves (शांत तरंगें) और Theta Waves (गहरी विश्रांति तरंगें) स्वाभाविक रूप से सक्रिय होती हैं जिससे मन शांत और एकाग्र होता है। इस समय कुछ क्षण आत्मचिंतन (Introspection) में बिताएँ – अपने भीतर उठे क्रोध, ईर्ष्या या लालच को बिना अपराध बोध के देखें। यह छोटा-सा अभ्यास मन को हल्का करता है और मानसिक स्वास्थ्य को स्थिर बनाता है।
Harvard Medical School (2023) के एक अध्ययन अनुसार, जिन लोगों की दिनचर्या नियमित थी – खासकर जो सुबह जल्दी उठते थे – उनमें अवसाद और चिंता का जोखिम 35% कम पाया गया। Frontiers in Psychology (2023) के अध्ययन ने दिखाया कि आध्यात्मिक दिनचर्या (spiritual routines) रखने वाले लोगों में मानसिक सहनशक्ति अधिक होती है। Indian Journal of Psychiatry (2024) के अनुसार, सुबह ध्यान और संध्याकालीन मौन का अभ्यास करने वाले छात्रों में एकाग्रता और भावनात्मक स्थिरता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई।
मनुष्य जैसा संग रखे, वैसा बने
जैसे लोहे का टुकड़ा चुंबक के पास रहकर खुद चुंबकीय हो जाता है, वैसे ही हम भी अपने आस-पास के लोगों से ऊर्जा, दृष्टिकोण और संस्कार ग्रहण करते हैं। तुलसीदास जी ने कहा,
“सत्संगति जो देई सुमति सोई।”
अर्थात् अच्छे संग से ही शुभ विचारों की प्राप्ति होती है।
आधुनिक विज्ञान के अनुसार हमारे मस्तिष्क में प्रतिबिंब कोशिकाएँ (Mirror Neurons) होती हैं जो सामने वाले की भावनाएँ देखकर वैसी ही अनुभूति जगाती हैं। इसलिए सकारात्मक संगति मन को शांत करती है, जबकि नकारात्मक संगति तनाव और चिड़चिड़ापन बढ़ाती है। इसे भावनात्मक संक्रमण (Emotional Contagion) कहा जाता है, जिसे सेवा (Service) अपने उच्चतर स्वरूप में पवित्र कर देती है – जहाँ दूसरों के दुःख से जुड़कर मन उदासी नहीं, बल्कि करुणा का स्रोत बन जाता है।
“सेवा परमो धर्मः”
भारतीय दृष्टि में सेवा केवल सामाजिक कर्तव्य नहीं, बल्कि एक गहन आध्यात्मिक साधना है। शोध बताते हैं कि जो लोग नियमित रूप से स्वयंसेवा (Volunteering) करते हैं, उनमें चिंता और अकेलापन कम होता है, जबकि जीवन-संतुष्टि (Life Satisfaction) अधिक होती है। जब हम किसी की मदद करते हैं, तो भीतर यह भावना जागती है – “मैं केवल लेने वाला नहीं, देने वाला भी हूँ।” यही दृष्टि असहायता (Helplessness) को सशक्तता (Empowerment) में बदल देती है। जब युवा अपने जीवन को किसी बड़े उद्देश्य से जोड़ते हैं, तो उनकी मानसिक ऊर्जा उद्देश्य-संचालित (Purpose-driven) होकर उन्हें भीतर से स्थिरता और अर्थपूर्णता (Meaningfulness) प्रदान करती है।
कुटुंब संवाद
जब परिवार में संवाद जीवित रहता है, तो मानसिक स्वास्थ्य की जड़ें भी गहरी होती हैं। मानव विकास केवल शरीर या बुद्धि की वृद्धि नहीं है – इसमें भावनात्मक संतुलन (Emotional Balance) और सामाजिक कौशल (Social Skills) की भूमिका समान रूप से आवश्यक है। बच्चों का सामाजिक-भावनात्मक स्वास्थ्य (Social-Emotional Health) उनके पूरे व्यक्तित्व की नींव है – यही उन्हें अपनी भावनाओं को पहचानने, नियंत्रित करने और दूसरों की भावनाओं को समझने की क्षमता देता है। जब यह संतुलन बिगड़ता है, तो बच्चे दो दिशाओं में झुकते हैं – अंदर की ओर (Internalizing): अवसाद, चिंता, अकेलापन; बाहर की ओर (Externalizing): आक्रामकता, असामाजिक व्यवहार।
यहीं कुटुंब संवाद (Family Communication) सबसे प्रभावी उपचार बनता है। भोजन के समय साथ बैठना, दिनभर के अनुभव बाँटना या शाम की सैर पर हल्की बातचीत करना – यह सब केवल समय बिताना नहीं, बल्कि एक सामूहिक ध्यान (Collective Meditation) है। इसमें ज़रूरत होती है सक्रिय सुनवाई (Active Listening) की यानी वह सुनना जो बिना किसी पूर्वाग्रह के, पूरे मन से हो। यही सुनना पीढ़ियों के बीच समझ का पुल बनाता है। यदि माता-पिता बच्चे की गलती पर तुलना करने के बजाय कहें – “हम समझते हैं कि तुम निराश हो, बताओ कहाँ कठिनाई हुई,” – तो बच्चा खुलकर बोलना सीखता है। यही आत्मीयता (Empathy) बच्चों का आत्मविश्वास और आत्मसम्मान दोनों को गहराई से पोषित करती है। कहानी सुनाने की परंपरा इस संवाद का सबसे सुंदर रूप है। कहानियाँ बच्चों में कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और भाषा-विकास को पोषित करती हैं। आज एकल परिवारों के दौर में साप्ताहिक मुलाक़ातें, ऑनलाइन संवाद और पारिवारिक कहानियों की आत्मीय शामें – वही खोए जुड़ाव को फिर जीवित कर सकती हैं।
युवा और ब्रह्मचर्य
भारत आज अश्लील सामग्री (Pornography) देखने वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है, जहाँ लगभग 70% दर्शक 18–34 वर्ष के बीच हैं। Indian Journal of Psychiatry (2024) के अनुसार, 34% युवा पुरुष जो अत्यधिक हस्तमैथुन (Masturbation) करते थे, उनमें अवसाद, चिंता और सामाजिक अलगाव (Social Withdrawal) के लक्षण पाए गए। इसका प्रभाव केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से भी दिख रहा है – महिलाओं के प्रति असम्मान, विवाहेतर संबंधों में वृद्धि और बलात्कार जैसे अपराधों में बढ़ोतरी। अश्लील सामग्री देखने से आनंद हार्मोन (Dopamine) का अत्यधिक स्राव होता है, जिससे मस्तिष्क कृत्रिम सुख का आदी बन जाता है। धीरे-धीरे व्यक्ति भावनात्मक थकान (Emotional Fatigue) और असंतोष का अनुभव करने लगता है।
NIMH (2022) के अनुसार, जिन परिवारों में खुला संवाद और स्नेहपूर्ण माहौल होता है, वहाँ युवाओं में आत्म-नियंत्रण अधिक पाया गया। भारतीय आध्यात्मिक परंपरा में – ब्रह्मचर्य केवल काम-त्याग नहीं, बल्कि ऊर्जा के पुनर्निर्देशन (redirection of life-force) की प्रक्रिया है।
गीता (6.17) में श्रीकृष्ण कहते हैं –
“युक्ताहारविहारस्य युक्तचेष्टस्य कर्मसु।”
अर्थात् “जो व्यक्ति अपने आहार-विहार और कर्मों में संयमित है, वही जीवन में स्थिरता प्राप्त करता है।”
Stanford Neuroscience (2017) के अनुसार, ब्रह्मचर्य से मानसिक स्पष्टता, एकाग्रता और इच्छाशक्ति बढ़ती है। परंतु इसका सबसे गहरा अर्थ आत्म-स्वीकृति में निहित है – जब युवा यह समझता है कि उसकी ऊर्जा अपराध नहीं, बल्कि सृजन का स्रोत है, तब वह अपराधबोध से मुक्त होकर सजगता की ओर बढ़ता है।
यह ऊर्जा जो पहले इन्द्रिय-सुख में क्षीण होती थी, अब अध्ययन, ध्यान और सृजन में रूपांतरित होती है। जैसा कहा गया है – “इन्द्रिय-विजय ही आत्म-विजय का प्रथम चरण है।” ब्रह्मचर्य कोई दमन (Suppression) नहीं, बल्कि सशक्तिकरण का विज्ञान है – जो मन की शक्ति को व्यर्थ से सार्थक दिशा देता है। यह आधुनिक जीवन में मानसिक क्रांति बनकर व्यक्तिगत स्थिरता को समाज और राष्ट्र के संतुलन से जोड़ देता है।
प्रकृति: मन की औषधि
भारतीय दृष्टि सिखाती है – “प्रकृति ही परमात्मा का स्पर्श है।” प्रकृति केवल भौतिक पदार्थ नहीं, बल्कि चेतना का विस्तार है। मनुष्य और प्रकृति का संबंध उपयोग का नहीं, बल्कि सह-अस्तित्व (Coexistence) का है। यही विचार आज आधुनिक विज्ञान में पर्यावरण-मनशास्त्र (Ecopsychology) और पर्यावरण-शरीर विज्ञान (Ecophysiology) के रूप में उभर रहा है, जो यह सिद्ध करता है कि प्रकृति के साथ जुड़ाव मानसिक स्वास्थ्य को सशक्त करता है, और प्राकृतिक परिवेश शरीर की जैविक प्रक्रियाओं – जैसे श्वसन, रक्तचाप और हार्मोन संतुलन – को सीधे प्रभावित करता है।
जापान की प्रसिद्ध चिकित्सा पद्धति ‘वन स्नान’ (Shinrin-yoku / Forest Bathing) को वैश्विक मान्यता मिली है – यानी जंगल या हरियाली के बीच बिना किसी उद्देश्य के धीरे-धीरे टहलना, पेड़ों की सुगंध, पत्तियों की आवाज़ और हवा की नमी को सचेत रूप से अनुभव करना। यह केवल एक सैर नहीं, बल्कि इंद्रियों की पुनर्संवेदना (Sensory Reawakening) है – जब श्वास में पेड़ों के प्राण वायु-अणु (Phytoncides) प्रवेश करते हैं, तो वे प्रतिरक्षा प्रणाली (Immune System) को सशक्त करते हैं। अब इसे निवारक मनोचिकित्सा (Preventive Psychiatry), हरित चिकित्सा (Green Therapy) और पर्यावरणीय उपचार (Eco-Healing) के रूप में अपनाया जा रहा है।
हमारे ऋषि-मुनि वनों और पर्वतों में इसलिए रहते थे क्योंकि वहाँ केवल मौन नहीं, बल्कि वह पर्यावरणीय समरसता थी जो मन की गति को धीमा करती थी। आधुनिक विज्ञान इसे मानसिक पुनर्स्थापन (Mental Restoration) कहता है – यानी मस्तिष्क की थकान मिटाकर उसकी ऊर्जा को पुनः सक्रिय करना। आज स्कूलों, विश्वविद्यालयों और कार्यस्थलों में हरे क्षेत्र, खुले आसमान में ध्यान (Meditation) और प्रकृति-विराम (Nature Breaks) को मानसिक स्वास्थ्य नीति का हिस्सा बनाया जा रहा है।
भारतीय संस्कृति में यह भावना पहले से ही ‘स्व’ और ‘प्रकृति’ के संवाद में निहित थी – जब व्यक्ति प्रातः सूर्य की किरणों में ध्यान करता है, घर में तुलसी या नीम लगाता है, या नदी किनारे मौन बैठता है, तो वह केवल पूजा नहीं, बल्कि मस्तिष्कीय पुनर्संतुलन (Neurophysiological Rebalancing) कर रहा होता है।
निष्कर्ष
आधुनिक युग में ‘धृति’ ही मानसिक स्वास्थ्य का मर्म है, जो संगति से दिशा, सेवा से उद्देश्य, संवाद से सहारा, और संयम से गरिमा पाकर धीरे-धीरे संवर्धित होती है और अंततः व्यक्ति को आत्मिक स्थिरता, मानसिक पुष्टता और जीवन-संतुलन प्रदान करती है।
और पढ़े: पुस्तक समीक्षा: भारतीय जीवन शैली
(लेखिका डेंटल सर्जन है और दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय से पीएच.डी. है।)